Thursday, February 23, 2017

ध्वनि (कहानी)

तरंग हॉस्पिटल के वेटिंग एरिया की एक चेयर पर बैठी हुई थी| उसका हाथ अपने उभरे हुए पेट को प्यार से सहला रहा था, और उसका दूसरा हाथ अपने पति अनंत की उँगलियों में उलझा हुआ था| वो दोनों एक दूसरे को देख रहे थे और शायद आँखों से ही बातें कर रहे थे| उन्हें बात करने के लिए शब्दों की ज़रूरत नहीं थी| आँखें, स्पर्श और उँगलियाँ हीं काफी थी दोनों को बातें करने के लिए, वो दोनों एक दूसरे से बेहद प्यार करते थे और साथ ही मूक-बधिर थे| इसलिए शब्द उनके बीच में कभी नहीं आते थे, झगडा भी होता था तो उँगलियों के इशारों में| तरंग माँ बनने वाली थी और, नौ माह का समय पूरा हो चुका था| और आज वो रूटीन चेकअप के लिए फिर से हास्पिटल आये थे|
तरंग की माँ श्रध्दा भी हर बार की तरह उनके साथ ही थी और सामने की कुर्सी पर बैठी तरंग और अनंत को देख रहीं थीं| उन्हें याद आ रहा था कि आज से २५ साल पहले ऐसे ही एक दिन वो भी तरंग के जन्म के समय हास्पिटल आयीं थीं, तब उनके मन में कोई शंका नहीं थी| वो पहले ही तीन साल के बेटे उमंग की माँ थीं| बहुत ही प्यार करने वाले और उन्हें समझने वाले पति विवेक उनके साथ थे| उनके सास-ससुर और माँ-पिता दोनों परिवारों में बहुत ही अच्छे सम्बन्ध थे| ज़िन्दगी बहुत ही अच्छे से चल रही थी| बेटे उमंग का नाम रखते समय ही उन्होंने सोंच लिया था कि वो अपने दूसरे बच्चे का नाम, चाहे वो बेटा हो या बेटी तरंग ही रखेंगी| उमंग-तरंग उनके दो बच्चों से उनका घर गुलज़ार हो जाएगा| और जब तरंग पैदा हुयी तो उनकी खुशियों का ठिकाना न रहा| वो सच में थी भी एक गुलाबी रंग की गुडिया सी| इतनी बड़ी-बड़ी आँखें थीं उसकी कि लगता है पैदा होते ही आँखों से बातें करने लगी थी|
 वो कभी भी ज्यादा रोई नहीं| बस जब भी उसके पास जाकर उसे देखो तो उसके चहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान आ जाती| तरंग के जन्म के थोड़े दिन के बाद ही श्रध्दा को कुछ गड़बड़ी का अहसास होने लगा था| वो जब किचन से काम करते हुए रोती हुयी तरंग को चुप कराने की कोशिश करतीं तो उसका रोना बंद ही नहीं होता, उमंग तो जब छोटा था उनकी आवाज़ से ही चुप हो जाता था| पर तरंग को तो जब तक पास जाकर चुप न कराओ, वो चुप ही नहीं होती| उमंग नन्ही बहन के पास जब झुनझुना बजाता तो वो उसकी तरफ मुड़ कर कभी नहीं देखती| जया के मन में कई बार आया कि कहीं ऐसा तो नहीं की तरंग ठीक से सुन न पा रही हो, पर उन्होंने अपने इस विचार को झटक दिया| पर अनहोनी को वो टाल नहीं सकीं| डाक्टर की अगली विजिट में ये कन्फर्म हो गया कि तरंग कभी भी सुन या बोल नहीं सकेगी|
 श्रध्दा को एक बार को तो लगा कि उनकी भरे-पूरे परिवार को किसी की नज़र लगा गयी है| वो ये स्वीकार ही नहीं कर पा रहीं थीं कि नियति उनके साथ इतना क्रूर मज़ाक कर सकती है| कुछ दिन क्या कुछ महीनों तक वो संताप में ही डूबी रहीं| पता नहीं कितने डाक्टरों को दिखाया| पर सबका एक ही जवाब था कि कुछ नहीं किया जा सकता| होम्योपैथी और आयुर्वेद की भी शरण ली पर कहीं से भी कोई फायदा नहीं हुआ|
फिर एक दिन श्रध्दा ने अपने मन को समझा लिया| उन्होंने सोंच लिया कि इससे भी ज्यादा बुरा कुछ हो सकता था| पर उनकी प्यारी सी बेटी उनके पास है और उसमें कोई कमी नहीं है| वो उसे पढ़ा-लिखा कर इतना मजबूत बना देंगी कि उसकी ये छोटी सी कमी किसी को नज़र ही नहीं आयेगी|
और फिर पहले उन्होंने खुद संकेत भाषा को सीखा और बाद में धीरे-धीरे उमंग और विवेक भी इसे आराम से सीख गए| श्रध्दा के प्राण संगीत में बसते थे पर तरंग की वजह से उन्होंने संगीत सुनना छोड़ दिया, उन्हें लगता की संगीत सुनकर वो कुछ गलत कर रहीं हैं| उनका घर एक अजीब सी ख़ामोशी से भर गया| और धीरे धीरे तरंग बड़ी होने लगी| पर तरंग थी अपने आप में एक निराली लड़की| वो सुन-बोल नहीं सकती थी पर उसकी बड़ी-बड़ी आँखे अपने आस-पास की सारी ख़ामोशी सोख लेतीं थीं| उसकी चाल में एक ऋदम थी| एक दिन उसने टीवी पर किसी शो में भरतनाट्यम देखा और जिद पकड़ ली की उसे ये नृत्य सीखना है| श्रध्दा को लगा कि तरंग कैसे भरतनाट्यम सीख पायेगी, नृत्य का एक बहुत बड़ा हिस्सा तो संगीत होता है और बिना सुने तरंग कैसे न्रत्य कर पाएगी| पर तरंग की जिद के आगे श्रध्दा हार गयी और उसे तरंग को भरतनाट्यम क्लासेज़ के लिए लेकर जाना ही पड़ा|
शुरू शुरू में तो तरंग को थोड़ी दिक्कत हुई, फिर धीरे धीरे उसने संगीत की बीट, उसके विस्पंदन, उसकी तरंगों को समझना शुरू कर दिया| तरंग की किस्मत से उसे एक बहुत ही अच्छी और उसकी समस्या को समझने वाली गुरु मिल गयीं| और फिर तो नृत्य और तरंग एक दूसरे के पूरक हो गए|
नृत्य और पढाई दोनों में ही तरंग हमेशा अव्वल आती रही| कभी-कभी श्रध्दा को महसूस होता कि उनकी बेटी में कोई कमी नहीं है| ज़िन्दगी से भरी हुयी अपनी बेटी उन्हें सम्पूर्ण दिखाई देती| तरंग के बड़े होने पर श्रध्दा को अब एक नया ख्याल सताने लगा था, वो ख्याल था उसकी शादी का| दिन-रात उठते-बैठते उन्हें यही परेशानी रहती कि तरंग को क्या कोई ऐसा जीवन साथी मिल पायेगा जो उसकी कमी को समझते हुए उसे सम्मान के साथ अपना सके| विवेक श्रध्दा को समझाते रहते की तुम परेशान मत हो, जैसे अब तक तरंग के जीवन में सब कुछ अच्छा हुआ है, अब भी अच्छा ही होगा| पर माँ के दिल को कोई चिंता करने से रोक पाया है|
पर श्रध्दा की चिंता का अंत जल्दी ही हो गया| उमंग की शादी उसकी पसंद की लड़की से तय हो चुकी थी| उमंग बैंगलौर की एक मल्टिनैशनल कंपनी में जॉब करता था, और बैंगलौर से उसका एक दोस्त अनंत भी शादी में आया था| अनंत भी तरंग की तरह मूक-बधिर था और एक पेंटर था| शादी की भाग-दौड़ और मस्ती में तरंग और अनंत अच्छे दोस्त बन गये| जब दोनों ने शादी करने की इच्छा जतायी तो किसी को भी कोई ऐतराज़ नहीं हुआ| उत्तर और दक्षिण, दोनों रीतिरिवाजों के अनुसार खूब धूम-धाम से दोनों की शादी हो गयी| शादी के बाद अनंत, तरंग के लिए दिल्ली शिफ्ट हो गया| तरंग भरतनाट्यम में पूरी तरह पारंगत हो चुकी थी और स्टेज परफार्मेंस भी करती थी| उसने मूक-बधिर बच्चों के लिए एक डांस स्कूल भी खोल लिया था और श्रध्दा उसके इस काम में उसकी सहायता करती|
और फिर एक दिन तरंग ने उसे वो खुशखबरी सुनायी जिसे सुनने के लिए हर माँ इंतज़ार करती है| पर तरंग की प्रेगनेंसी की खबर सुनने के बाद श्रध्दा चिंता में डूब गयी| वो खुश तो होना चाहती थी पर उसके संशय उसे खुश नहीं होने दे रहे थे| श्रध्दा को यही चिंता थी की कहीं तरंग का बेटा या बेटी भी अनंत और तरंग की तरह ही न हों| श्रध्दा भूल चुकी थी कि तरंग और अनंत अपने आप में सम्पूर्ण हैं| सुनने और बोलने की शक्ति न होते हुए भी वो सफल और खुश हैं| उन्हें इस बात से कोई ऐतराज़ नहीं था कि उनका बच्चा कैसा हो| वे उसे अपनाने के लिए पूरी तरह से तैयार थे| श्रध्दा डाक्टर की हर विज़िट के लिए तरंग और अनंत के साथ हास्पिटल आती और हर बार डाक्टर से वही सवाल करती कि क्या उनका बच्चा भी उनके जैसा होगा| और डाक्टर श्रध्दा को समझाने की कोशिश करता कि इस बात की ९०% उम्मीद है कि उनका बच्चा नार्मल होगा, मतलब वो सुन और बोल सकेगा, पर १०%इस बात की उम्मीद है कि उनका बच्चा भी उनकी तरह मूक-बधिर होगा|
डाक्टर से मिलने के बाद अनंत और तरंग अपने घर चले गए और श्रध्दा अपने घर आ गयी| श्रध्दा का किसी काम में मन नहीं लगा रहा था| वे उमंग और तरंग की बचपन की तस्वीरें लेकर बैठ गयीं| तभी तरंग के घर से उसकी एक पडोसी का फोन आया की तरंग को लेबर पेन शुरू हो गए हैं और वो दोनों हास्पिटल चले गए हैं|
श्रध्दा भी विवेक को लेकर हास्पिटल पहुँच गयीं| बैंगलौर में भी अनंत के घरवालों और उमंग को खबर कर दी गयी| हॉस्पिटल पहुँच कर तरंग को मूक दर्द से तड़पते देख कर श्रध्दा अपनी सब चिंताओं को भूल कर उसकी तीमारदारी में लग गयीं| विवेक अनंत को सांत्वना देने में लग गए| १२ घंटे के लेबर के बाद तरंग को एक प्यारी सी बेटी हुई| शाम तक सभी लोग अनंत के माता पिता, उमंग और उसकी पत्नी सायरा भी आ गये| तरंग को रूम में शिफ्ट कर दिया गया था|
सभी लोग कमरे में थे और तरंग की बिटिया के आने का इंतजार कर रहे थे| तभी अनंत और विवेक एक नर्स के साथ वहां आ गए| बिटिया को वो लोग चैकअप के बाद डाक्टर के पास से ले आये थे| नर्स ने बच्ची को तरंग की गोद में दे दिया| सब लोग चुपचाप विवेक और अनंत को देख रहे थे जैसे की किसी परीक्षा के नतीजे के इंतजार में हों| किसी की कुछ पूंछने की हिम्मत नहीं हो रही थी| ख़ास-तौर से श्रध्दा के लिए ये एक-एक क्षण काटना मुश्किल हो रहा था| आखिर विवेक ने चुप्पी तोड़ी और मुस्कुराते हुए बताया कि बिटिया बिलकुल नार्मल है| वो सुन और बोल सकेगी| कमरे में एक ख़ुशी की लहर दौड़ गयी| ये सभी के लिए डबल ख़ुशी की बात थी| वैसे तो सभी लोगों को अनंत और तरंग की तरह बिटिया किसी भी रूप में स्वीकार थी पर अब ये खबर सुनकर सभी की ख़ुशी दोगुनी हो गयी थी|  तभी बिटिया की दादी ने पूछा भई नाम क्या रखना है इस गुडिया का| तरंग और अनंत ने एक दूसरे की तरफ अर्थभरी नज़रों से देखा और इशारे से बताया कि उन दोनों ने पहले से ही नाम सोंच रखा है| अनंत ने पास पड़ी मेज से एक कागज़ और कलम उठाया और उस पर लिखा, ध्वनि | तरंग ने अपनी बिटिया को श्रध्दा की तरफ बढ़ाया, श्रध्दा ने उसे अपनी गोद में ले लिया| तरंग ने अपनी उँगलियों कि भाषा में कहा, “माँ! ये है मेरी ध्वनि, आपके लिए! आपने मुझे कभी नहीं सुन
पाया अब इसे जी भर के सुनना| अब इसके साथ संगीत सुनना और इसे अपना संगीत सिखाना|” सभी की आँखें भीगी हुई थीं, पर ख़ुशी के आंसुओ से|

-अभिसारिका 













Saturday, February 18, 2017

फरवरी


लोग


आइना


ग़ज़ल


नज़्म


मेरी बेटियां


मच्छर


तुम्हारा प्यार



अंक गणित


बर्फ और धूप


बोसा


वादा


प्यास, प्यार


कागज़ के फूल


काला रंग


चादर


बिंदी


सूरज चाँद




जिंदगी


कम्बल


कृष्ण प्रिये


प्यार एतबार...


Saturday, January 21, 2017

कलाकार

कलाकार की कृति को सब देखते हैं,

सराहते हैं।

फ़्रेम में लगाकर दीवार पर सजाते हैं।

पर कौन समझता है 

उस कलाकार के दर्द को,

जिसने सृजन की पीड़ा को सहा है।

कौन देख पता है कि कलाकार अपनी रचना में

लहू के रंग भरता है।

बस सब देखते है उसकी कृति को,

और भूल जाते हैं 

कलाकार को! 

Monday, January 09, 2017

शाम

शाम सिंदूरी
फैला कच्चा रंग
सूरज शरारती।

Sunday, January 08, 2017

चिड़ियों सी लड़कियाँ

वो पंख फैलाकर उड़ना चाहती थी...
सारे आकाश के विस्तार को छू लेना चाहती थी...
लेकिन समाज के बहेलियों ने उसके पंख काट दिए,
और पटक दिया उसे एक अंधेरी कोठरी में....
डाल दी उसके क़दमों में बेड़ियाँ ।
पर समय बीता.... और सदियों से दबायी हुयी लड़की जाग गयी ।
पंखों की नयी कोंपले रोशनी के साथ ऐसे फूटीं कि
बहेलियों की आँखें चौंधिया गयीं....
चिड़ियों सी लड़कियाँ उड़ गयीं आँख के समाने से....

देखे अब कब तक पंख काटेंगे ये बहेलिए....
की लड़कियों ने उड़ना और
पंखों ने उगना अब सीख लिया है।

--सारिका सक्सेना 

Monday, November 21, 2016

सुन्दरता की परिभाषा

सुन्दरता की परिभाषा 




“वास्तविक सुन्दरता क्या होती है?” कल कुछ ऐसा हुआ कि मन  इस प्रश्न पर विचार करने पर मजबूर हो गया है| कल हैदराबाद से वापस आते हुए एयर पोर्ट पर बैठ कर फ्लाईट का इंतज़ार कर रहे थे, फ्लाईट डिले थी और एयर पोर्ट रेलवे स्टेशन की तरह खचा-खच भरा था| हमारे पड़ोस में ही एक दम्पति बैठे थे, उम्र कुछ ५५-६० के करीब रही होगी| दोनों पति-पत्नी आराम से हिंदी में जोर-जोर से बात कर रहे थे| उन्हें हमारे परिवार की बातचीत से लगा होगा कि हम हिंदी नहीं समझते होंगे| इसलिए शायद वो इतनी जोर से बात कर रहे थे| तो उनकी बात-चीत कुछ इस प्रकार थी:
“लल्ला बाबू की जे कुछ समझ में न आई| शादी कराने की इत्ती भी का जल्दी मची थी कि ऐसी लड़की से अपने छोरा को ब्याह दये|”
“हां लड़की के नाक नक्श ठीक नहीं लगे| बस गोरी होने से ही क्या होता है|”
“अपना परथम तो देखने में कित्ता नीका लगे है, रंग बस थोडा दबे है, पर लड़कों का रंग थोड़ी देखा जाबे है| इंजिनियर है और का चाही|”
“हाँ लड़की भी वैसे सुना है इंजीयरिंग के बाद MBA करी है, नौकरी करती है| पर शकल भी कोई चीज़ होती है| न भई, लड़की सुन्दर नहीं देख पाए लल्ला बाबू|”
“जेई तो हम भी कह रहीं हैं, कोई जोड़ नहीं बैठा दोनों का| चाहे खर्चे कित्ता भी किये रहे हों समधियाने वाले पर लड़की का रूप भी तो देखे चाही|”
“चलो हमें क्या करना है| वो जाने और उनका काम जाने| हमें तो बस समझ न आई लल्ला बाबू की|”
“और क्या हमें क्या लेना देना| चलो छोड़ो, कौन सा हमारी बहु है|”
ये बात-चीत हमने संक्षेप में लिखी है| करीब आधे घंटे वो लोग इसी विषय पर बतियाते रहे और हम उनकी बातें सुनकर मन ही मन कुढ़ते रहे| लड़की लडके से ज्यादा पढ़ी-लिखी है, नौकरी करती है, उसके मां-बाप ने खूब पैसा भी खर्च किया और तो और गोरी भी है, पर सुन्दर नहीं है| क्या है इसका मतलब?
#कैसेकैसेलोग #KaiseKaiseLog


Saturday, September 24, 2016

कार की ज़रूरत

ज़िन्दगी आजकल ग्यारह नंबर की गाड़ी पर आ गयी है। कार बाढ़ की भेंट चढ़ चुकी है... इससे पहले कभी सोंचा नहीं था कि कार इतनी ज़रूरत की चीज़ है.... सालों पहले हमारे छोटे से शहर में तो कार विलासिता की चीज़ हुआ करती थी..... पता ही नहीं चला कब ये ज़रूरत की चीज़ बन गयी....स्कूटर चलाना आता तो है पर हम ट्रैफिक में कभी भी इसे नहीं चला पाते....कार ही अपनी साथी थी....और अब घर से निकलने से पहले दस बार सोंचते हैं....ज्यादातर चीजें Amazon और Big Basket से आ रही हैं....एक posotive thought बस यही है कि शायद चल-चल कर थोड़ा वजन ही कम हो जाय :-)

Saturday, December 19, 2015

वापस चेन्नई

आज वापस चेन्नई आ गये।

शहर चल तो रहा है पर थोड़ा सुस्त सा.....
चेहरे भी कुछ उदास से हैं और कुछ नाराज़ से.....                    
शिकायत कुछ 'उस' से है कुछ अपने आप से....
सिमट गया था जब शहर का दायरा तो दिल और बड़े हो गये थे.... एक पन्ना और पलट गया बस वक्त की किताब का।

Tuesday, December 01, 2015

दिसंबर

वक़्त की अंगीठी में सुलग कर, चुक गया ये साल भी 

लो फिर से आया है दिसंबर ज्यों अंत है शुरूवात भी. 

Saturday, November 21, 2015

बारिश के बाद..........

आज करीब दो हफ़्तों के बाद खिली निखरी धूप निकली है। इतनी तेज कि आँखों को चुभ रही है। नीले आसमान में सफेद बादलों के टुकड़े टंगे हुए हैं जैसे कि किसी ने बारिश के बाद धूप देखकर ढेर सारे कपडे सुखाने को डाल दिये हों।
लोग अपने घरों को वापस लौट रहे हैं। river view enclave में जहां दो दिन पहले नाव चल रही थी, आज लोग पैदल चल कर माहौल का जायज़ा ले रहे हैं। दीवारों पर पानी उतरने के बाद की चित्रकारी देख रहे हैं। घरों के सामने पुराने बिस्तर, तकिये, कपडे और भी न जाने क्या क्या कूड़े के ढेर में पड़ा है, पानी ने किसी को नहीं को बक्शा है। अडयार नदी में पानी कुछ नीचे उतर गया है पर नदी अभी भी पूरे वेग से बह रही है। हम सब को अहसास कराती हुयी कि प्रक्रति के आगे मनुष्य की ताकत कुछ भी नहीँ है।

Wednesday, November 04, 2015

नवंबर


धूप के कुछ टुकड़े टँगे हैं बादलों की डोर पे
नवंबर ने दे दी है दस्तक बहक के हर ओर से!

Thursday, October 29, 2015

"काँच के शामियाने" (रश्मि रवीजा) मेरी नज़र मे


आज बहुत दिनो बाद इस ब्लाग पर कुछ लिखने बैठे हैं, असल में ये रश्मि दी से और अपने आप से किया वादा था की उनकी लिखी किताब पर हम प्रतिक्रिया ज़रूर लिखेंगे, तो बस आज वक्त निकालकर लिखने बैठ ही गये है| रश्मि दी ने जब अपने ब्लाग "मन का पाख़ी" पर अपनी कहानियाँ लिखना शुरू किया था तो हम उनके पहले पाठकों में से थे, बड़े अधिकार से और कभी ज़िद करके उनसे और कहानियाँ लिखने की गुज़ारिश करते थे| उनसे अपनी किताब प्रकाशित करवाने का आग्रह भी करते थे| और आज जब ये उपन्यास "काँच के .शामियाने" हमारे हांत में है तो ये थोड़ी बहुत अपनी भी उपलब्धि लग रही है| यूँ इस आभासी जगत में ज़्यादा लोगों से मित्रता नहीं है हमारी पर रश्मि दी से कभी ज़्यादा बातें न करके भी एक प्यारा सा रिश्ता है जो हमें उनसे जोड़े रखता है, और आज अपनी दी की किताब प्रकाशित हुई देख कर हमारा गर्वित होना तो बनता है| रश्मि दी के इस पहले उपन्यास के प्रकाशन पर हार्दिक बधाई! हमारी दुआ है की ऐसी ढेरों किताबे हमें आने वाले समय में पढ़ने को मिलें| आप यूँ ही लिखती रहें और आपकी कलम का जादू यूँ ही चलता रहे|

तो अब आते हैं इस उपन्यास पर| इस उपन्यास का शीर्षक हमें बहुत ही उपयुक्त लगा| शामियाना चाहें कपड़े का हो या काँच का कभी स्थायी नहीं होता| लड़की के जीवन की ही तरह जो बाबुल के घर कहे जाने वाले एक शामियाने से निकलकर एक दूसरे शामियाने, जिसे पति का घर कहा जाता है, में जाती है साथी साथ निभाने वाला मिल जाए तो ये शामियाना एक पक्का स्थायी घर बन जाता है नहीं तो बन जाता है काँच का शामियाना जो ज़िंदगी की धूप को संग्रहित कर और भी मन प्राण दग्ध कर जाता है|
इस उपन्यास का समर्पण भी हमें बहुत ही सुंदर, सटीक और सारगर्भित लगा| यूँ ज़्यादातर लेखक अपनी पुस्तक के समर्पण में दुनियाभर के लोगों के नाम लिख देते है, जो कतई आकर्षित नहीं करता| पर इस उपन्यास का तीन पंक्तियों का समर्पण बहुत ही प्रभावशाली है |:-
उन सभी के नाम ,जिनकी बातें अनसुनी,अनदेखी और अनजानी रह गयीं|

उपन्यास में अध्याय के शीर्षक बहुत ही रचनात्मक और अपने आप में कुछ कहानी सी कहते लगते हैं| हर अध्याय के साथ नायिका जया का बदलता स्वरूप सामने आता है| शादी से पहले एक सामान्य चंचल सी लड़की जया पिता की मृत्यु से एक गंभीर ज़िम्मेदार लड़की में बदल जाती है, जो बिना विवाह किए अपनी माँ की देखभाल करते हुए अपना जीवन बिताना चाहती है|
अगले अध्याय में जया के विवाह के समय समाज के शक्तिशाली खोखले नियमों को वर्णन मिलता है| विवाह से पहले ही जया के ससुराल वालो के इरादों का पता चलने के बाद भी उसका विवाह वहीं होता है|

खैर कहानी के बारे में ज़्यादा न लिखते हुए अब चरित्रों पर आते है| कहानी की नायिका जया एक बहुत ही आम सी लड़की है जो बहुत उँचे सपने नहीं देखती, यथार्थ के धरातल पर रहकर समझौता करने और परिस्थिति को अनुकूल बनाने की वो भरपूर कोशिश करती है| जया के चरित्र को लेखिका ने अपनी कलम से कुछ यूँ बुना है कि उसके सुख दुख पाठक को अपने लगते है| अपने बच्चों के लिए ही जीवन जी रही जया के जीवन में एक एसा मुकाम भी आता है कि वो अपने बच्चों के साथ आत्महत्या का निर्णय ले लेती है|
जया के इस संघर्ष की ही यह कहानी है, जो बार बार आँखों को नम कर जाती है| पाठक की आँखो को भिगो देना ही एक लेखक की सबसे बड़ी सफलता है, और ये रश्मि दी ने बखूबी किया है|
एक और चरित्र जिसने हमें प्रभावित किया वो है जया की दूसरी बहन सीमा | यूँ बहुत छोटा सा रोल है उसका पर वो जया की तकलीफ़ को बिना बताए बस देख कर ही समझ जाती है
और जया के पति राजीव के चरित्र के बारे में तो हम सोचना या लिखना भी नहीं चाहते| वैसे ये भी लेखक की सफलता है की कोई पात्र इतना नापसंद लगे की उसके बारे में कुछ कहना भी नागवार लगे| कहानी इतनी अपनी आसपास की लगती है की लगता ही नहीं की कोई उपन्यास पढ़ रहे है, नायिका के साथ उसके सुख दुख में सुखी दुखी होते जब हम कहानी के सुखद अंत में पहुचते हैं तो यह अहसास भी सुखद लगता है की चलो अंधेरे के बाद रौशनी ने जया की ज़िंदगी में भी दस्तक दे ही दी|